योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम के तहत संगम इंटरनेशनल स्कूल में हुआ विशेष योग सत्र, अनुशासित जीवन के लिए योग अपनाने का आह्वान
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2026) के उपलक्ष्य में जनपद में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को संगम इंटरनेशनल स्कूल, भूपियामऊ में विशेष योग अभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। प्रातः 5:30 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में 18 बटालियन एनसीसी, प्रतापगढ़ के कैडेट्स को कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुमन कुशवाहा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम "Yoga for Healthy Ageing" के महत्व पर प्रकाश डाला गया। योग प्रशिक्षकों ने कैडेट्स को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सुमन कुशवाहा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और व्यक्तित्व सकारात्मक बनता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। 18 बटालियन एनसीसी के लेफ्टिनेंट कर्नल अरविन्द सिंह यादव ने कहा कि योग अनुशासन, एकाग्रता और आत्मविश्वास को बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन के लिए प्रतिदिन योग करने की प्रेरणा दी और कहा कि देश के युवा यदि योग को अपनाएं तो एक स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। योग प्रशिक्षकों ने कैडेट्स को सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम की तकनीकों का अभ्यास कराया। साथ ही तनावमुक्त जीवन, मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच के विकास में योग की भूमिका पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डॉ. त्रिभुवन राम, डॉ. जय प्रकाश कुशवाहा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) कृष्ण कुमार मौर्य, योग प्रशिक्षक राकेश कुशवाहा, सुनीता सिंह, सुमन सिंह, योग सहायक अजय त्रिपाठी, सतीश सिंह सहित समस्त एनसीसी स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी कैडेट्स ने नियमित योगाभ्यास करने तथा योग के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया। योग सत्र उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और प्रतिभागियों ने इसे स्वास्थ्य एवं आत्मविकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
