खेतासराय।
नगर के व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को खेल एवं युवा कल्याण स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव को रेल मंत्री के नाम अनुशंसा पत्र सौंपकर खेतासराय रेलवे स्टेशन पर बंद पड़े पीआरएस, यात्री आरक्षण प्रणाली सेवा बहाल करने तथा कई ट्रेनों के ठहराव की मांग की।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कोरोना काल के दौरान बंद कई ट्रेनों के ठहराव अब तक बहाल नहीं किए गए हैं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है साथ ही रेलवे के राजस्व की क्षति हो रही है। ज्ञापन में दून एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी, अयोध्या-वाराणसी पैसेंजर तथा वाराणसी-बालामऊ पैसेंजर ट्रेन के खेतासराय स्टेशन पर ठहराव की मांग की गई। साथ ही टिकट आरक्षण काउंटर को पुनः संचालित करने की भी मांग उठाई गई।राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मांगों को रेलवे मंत्रालय तक पहुंचाकर शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में आदर्श श्रीवास्तव, डॉ. गजेन्द्र पांडेय, मनीष गुप्ता धर्मरक्षक, रानी श्रीवास्तव, मोनिका श्रीवास्तव, अभिषेक सिन्हा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
