फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। मलेरिया रोधी माह के अंतर्गत गुरुवार को जनपद प्रतापगढ़ में चिन्हित पांच स्थानों में से प्रथम स्थान माँ बेल्हा देवी धाम, प्रतापगढ़ जंक्शन पर जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय की ओर से निःशुल्क मलेरिया जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आरडीटी (रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट) किट के माध्यम से बुखार से पीड़ित लोगों की मलेरिया जांच की गई। इस दौरान कुल 17 ज्वर पीड़ित व्यक्तियों की जांच की गई, जिनकी रिपोर्ट मलेरिया के लिए ऋणात्मक पाई गई। कार्यक्रम में सहायक मलेरिया अधिकारी जयसिंह सोनकर, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक संतोष कुमार, लैब तकनीशियन वीरेंद्र कुमार तथा फील्ड वर्कर सुनील कुमार उपस्थित रहे। टीम द्वारा लोगों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव रोकने तथा मच्छरदानी के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मलेरिया रोधी माह के दौरान जिले के विभिन्न चिन्हित स्थलों पर इस प्रकार के जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि आमजन को मलेरिया जैसी बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
