भीषण गर्मी के बीच पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए दूर-दराज से रामपुर पहुंचे अभ्यर्थियों के लिए जीआरपी रामपुर मददगार साबित हुई। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी प्रभारी ईश्वर चंद और उनकी टीम ने अभ्यर्थियों को शरबत पिलाकर राहत पहुंचाई और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में हर संभव सहयोग दिया। देखिए यह रिपोर्ट।
रामपुर रेलवे स्टेशन पर उस समय मानवता और सेवा का अनूठा उदाहरण देखने को मिला, जब जीआरपी प्रभारी ईश्वर चंद अपनी टीम के साथ पुलिस भर्ती परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों की सहायता में जुटे नजर आए। दूर-दराज के जिलों और राज्यों से पहुंचे अभ्यर्थियों का रेलवे स्टेशन पर स्वागत करते हुए उन्हें ठंडा शरबत वितरित किया गया।
पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र देखकर जीआरपी टीम ने उन्हें उनके परीक्षा केंद्रों की जानकारी दी। जिन अभ्यर्थियों के केंद्र रामपुर, टांडा, स्वार, मिलक और शाहबाद क्षेत्रों में थे, उन्हें वहां तक पहुंचने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।
जीआरपी प्रभारी ईश्वर चंद ने अभ्यर्थियों को यह भी बताया कि यदि कोई ऑटो चालक निर्धारित किराए से अधिक पैसे मांगता है, तो वे तुरंत वाहन नंबर नोट कर पुलिस से शिकायत कर सकते हैं। पुलिस का उद्देश्य था कि परीक्षा देने आए युवाओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गर्मी से राहत दिलाने के लिए शरबत वितरण अभियान चलाया गया, जिसकी अभ्यर्थियों ने सराहना की। अभ्यर्थियों ने कहा कि जीआरपी द्वारा किया गया यह सहयोग उनके लिए काफी मददगार साबित हुआ और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी हुई।
सेवा, सहयोग और सुरक्षा के अपने दायित्व को निभाते हुए जीआरपी रामपुर ने पुलिस भर्ती परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों का भरोसा जीतने का काम किया। भीषण गर्मी में यह पहल न सिर्फ राहत देने वाली रही, बल्कि पुलिस की जनसेवा की भावना को भी दर्शाती है।
देखे रामपुर से मुजम्मिल खान की रिपोट