रामपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए दूर-दराज से रामपुर पहुंचे अभ्यर्थियों के लिए जीआरपी रामपुर ने विशेष सहायता अभियान चलाया। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी प्रभारी ईश्वर चंद अपनी टीम के साथ मौजूद रहे और भीषण गर्मी के बीच अभ्यर्थियों व यात्रियों को शरबत वितरित कर राहत पहुंचाई।
रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र देखकर जीआरपी कर्मियों ने उन्हें उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए आवश्यक जानकारी दी। कई अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र रामपुर, टांडा, स्वार, मिलक और शाहबाद क्षेत्रों में थे, जिन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान किया गया ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जीआरपी प्रभारी ईश्वर चंद ने अभ्यर्थियों को यह भी बताया कि यदि कोई ऑटो चालक निर्धारित किराए से अधिक पैसे मांगता है, तो वे वाहन का नंबर नोट कर तत्काल पुलिस से शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा देने आए युवाओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
इस दौरान जीआरपी टीम ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और अभ्यर्थियों को शरबत पिलाकर गर्मी से राहत दिलाई। पुलिस की इस पहल की अभ्यर्थियों ने सराहना की और कहा कि इससे उन्हें काफी सहायता मिली।
जीआरपी प्रभारी ईश्वर चंद ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की कि यात्रा या परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें। जीआरपी की इस जनसेवा पहल से दूर-दूर से आए अभ्यर्थियों में खुशी देखने को मिली। रिपोट - मुजम्मिल खान 151171378
