वृन्दावन। रामताल रोड़ स्थित गणेश सिटी सोसायटी के श्रीराधा नील माधव जू मन्दिर में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर चल रहे सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव के पांचवें दिन व्यास पीठ से ठाकुर श्रीराधा रमण मंदिर के सेवाधिकारी आचार्य पद्म लोचन गोस्वामी महाराज ने समस्त भक्तों-श्रद्धालुओं को पूतना वध, भगवान श्रीकृष्ण के नाम करण, यमलार्जुन उद्धार, माखन चोरी, बकासुर-अघासुर वध, कालिया मर्दन, इंद्र मान मर्दन और गिरिराज गोवर्धन महिमा की कथा श्रवण कराई।
व्यासपीठाधीन श्रद्धेय आचार्य पद्म लोचन गोस्वामी महाराज ने कहा कि श्रीगिरिराज लीला प्रसंग की कथा श्रवण कराते हुए कहा कि गिरिराज गोवर्धन महाराज साक्षात भगवान श्रीकृष्ण के ही प्रतिरूप हैं।उनमें और श्रीकृष्ण में कोई भेद नहीं है।वस्तुत: भगवान श्रीकृष्ण ने प्रकृति का संरक्षण करने के लिए ही गिरिराज पूजा की लीला की थी।जिससे कि लोग प्रकृति के महत्व को जानें और उसकी उपयोगिता का सही से पालन करें।
श्रद्धेय आचार्य पद्म लोचन गोस्वामी महाराज ने कहा कि ब्रज की पावन भूमि पर त्रिदेव पर्वत रूप में विद्यमान हैं। जो कि बरसाना में ब्रह्मगिरि (ब्रह्मदेव), नंदगांव में नंदीश्वर पर्वत (महादेव) एवं गोवर्धन में गिरिराज पर्वत (भगवान विष्णु) के स्वरूप हैं।इनकी पूजा व परिक्रमा करने वाले भक्तों के सभी मनोरथ गिरिराज गोवर्धन महाराज निश्चित ही पूर्ण करते हैं।इसीलिए वे सभी ब्रजवासियों के इष्टदेव हैं।
इस अवसर पर गिरिराज गोवर्धन महाराज की अत्यंत नयनाभिराम व चित्ताकर्षक झांकी सजाई गई।साथ ही 56 प्रकार के भोग लगाए गए।इसके अलावा गोवर्धन महिमा से ओतप्रोत भजनों का संगीत की मृदुल स्वर लहरियों के मध्य गायन किया गया।जिन पर समस्त भक्तों-श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया।
महोत्सव में पधारे प्रख्यात साहित्यकार "यूपी रत्न" डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने श्रीमद्भागवत ग्रंथ और व्यासपीठ का पूजन-अर्चन किया।
कार्यक्रम में कथा के मुख्य यजमान प्रणव अवस्थी (नई दिल्ली), थोईबी शर्मा, विजय शर्मा , दीप्ति अग्रवाल, नंदिका अग्रवाल, कुमकुम शर्मा, आरती शर्मा, बाल कृष्ण शर्मा, धनवी गोस्वामी, श्रीमती शकुंतला शर्मा, आशीष शर्मा, असीम शर्मा, दीपक भारद्वाज, साधना गोस्वामी, पुनीता भारद्वाज, बबीता शर्मा, राजकुमार शर्मा, मनीषा गोस्वामी, समीक्षा गोस्वामी, विदुषी गोस्वामी, गोपाल खंडेलवाल, बाल कृष्ण,अजय शर्मा,शैफाली शर्मा, अभिजीत शर्मा, शर्मिला शर्मा, मिक्की शर्मा, मोहन श्याम, जॉय गोस्वामी, अब्बू गोस्वामी, प्रमोद शर्मा आदि के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
रिपोर्ट नंद किशोर शर्मा 151170853

