फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी। चौबेपुर थाना चौबेपुर थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित चौबेपुर चौराहे पर प्रतिदिन भीषण जाम लग रहा है। सुबह से लेकर देर शाम तक चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौराहे पर सवारी भरने के लिए टेंपो चालकों द्वारा मनमाने ढंग से वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार एंबुलेंस और जरूरी कार्य से जाने वाले लोग भी घंटों जाम में फंस जाते हैं।
लोगों का कहना है कि पुलिस आयुक्त के यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देशों के बावजूद चौबेपुर चौराहे पर जाम की समस्या लगातार बनी हुई है। थाना नजदीक होने के बावजूद पुलिस की ओर से नियमित निगरानी नहीं किए जाने से वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं।
उधर, मुनारी चौराहे की स्थिति भी कम चिंताजनक नहीं है। यहां सड़क किनारे बाइक और टेंपो खड़े रहने से शाम के समय अक्सर लंबा जाम लग जाता है। बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को पैदल चलने तक में कठिनाई होती है।
व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने चौबेपुर तथा मुनारी चौराहों पर नियमित रूप से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने, अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा टेंपो स्टैंड की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस की तैनाती कर जाम की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।लईक आफताब चौबेपुर फास्ट न्यूज़ इंडिया 151166686
