प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित नागरिक पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के प्रथम दिवस जनपद में सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। प्रयागराज जोन के एडीजी ज्योति नारायण, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय तथा पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) और एमडीपीजी कॉलेज समेत प्रमुख परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा जांच और निगरानी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि प्रत्येक अभ्यर्थी को हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) से जांच और सघन तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता बनी रहे। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के बाहर तैनात पुलिस बल को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने कहा कि केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए और यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। सड़क किनारे खड़े वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराने के निर्देश देते हुए अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर जोर दिया गया। एडीजी, डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरों और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इंटीग्रेटेड सीसीटीवी कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल, निगरानी व्यवस्था और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी एवं अधिकारी तैनात हैं तथा संवेदनशील स्थलों की विशेष निगरानी की जा रही है। जनपद प्रतापगढ़ में नागरिक पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है, जिससे अभ्यर्थियों को निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
