फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड काशीपुर। पुलिस ने एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, एक कीमती घड़ी और 34,600 रुपये की नकदी बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी बंद घरों की रैकी करता था और रात के समय मौका पाकर ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी पर पहले से ही उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग थानों में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं और वह बिजनौर, नजीबाबाद व ऋषिकेश से जेल भी जा चुका है।
मामले के अनुसार, साकेत नगर काशीपुर निवासी पीयूष चौहान ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 मई को जब वे परिवार सहित घर से बाहर गए थे, तब अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर जेवरात, घड़ी और नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर बनी पुलिस टीम ने करीब 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस व मैन्युअल पुलिसिंग की मदद ली। इसी दौरान 7 जून को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ढैला पुल के पास से संदिग्ध हालत में सोनू शर्मा को दबोच लिया। 35 वर्षीय सोनू शर्मा मूल रूप से ग्राम मूसेपुर पाडली, थाना नहटौर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है।
जांच में सामने आया कि आरोपी सोनू शर्मा एक शातिर किस्म का अपराधी है। पुलिस टीम ने उसके पास से दो पीली धातु (सोने) की अंगूठियां, दो जोड़ी सफेद धातु (चांदी) के बिछुए, एक कैसियो कंपनी की घड़ी और चोरी की रकम में से 34,600 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है। इस कामयाबी को हासिल करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र सिंह, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह सामंत, अतिरिक्त उपनिरीक्षक अजीत सिंह, कांस्टेबल ज्ञानेंद्र कुमार, कांस्टेबल सचिन कुमार और कांस्टेबल मनोज जोशी शामिल रहे। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804
