फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड ऊधमसिंह नगर, 8 जून: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उत्तराखण्ड राज्य में 1 जुलाई, 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) कार्यक्रम की घोषणा की गई है। आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि जनपद के सभी 9 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले कुल 1464 मतदेय स्थलों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा आज 8 जून, 2026 से घर-घर जाने का अभियान शुरू कर दिया गया है। यह अभियान 7 जुलाई, 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसके तहत बीएलओ मतदाताओं के घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण करेंगे और आवश्यक जानकारियां दर्ज कर उन्हें वापस प्राप्त करने की कार्रवाई संपादित करेंगे। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को सुचारू और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और जिला निर्वाचन कार्यालय ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी मतदाताओं से विशेष अपील की है कि वे इस विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में आने वाले बीएलओ को गणना प्रपत्रों के वितरण एवं वापसी के दौरान मांगी गई वांछित व सही जानकारी उपलब्ध कराएं तथा इस महत्वपूर्ण कार्य में अपना अपेक्षित सहयोग प्रदान करें। इस संबंध में कार्यालय जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा आवश्यक सूचना और निर्देश मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड, कुमाऊं मण्डल के आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी, समस्त सहायक नगर आयुक्तों, नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों सहित सभी निर्वाचक व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भेज दिए गए हैं, ताकि जमीनी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा सके। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804
