खेरागढ़। थाना खेरागढ़ क्षेत्र के गांव चीत में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक पर कथित रूप से चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। घायल युवक का उपचार आगरा में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव चीत निवासी अजीत उर्फ लालबाबू गांव की एक परचून की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही दो युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब अजीत ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
घायल युवक के पिता रामनाथ ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान गांव के मुनेंद्र और राजवीर ने उनके बेटे को पकड़ लिया और उसके पेट में चाकू से वार कर दिया। चाकू लगने से अजीत गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घायल युवक को तत्काल लेकर खेरागढ़ थाना पहुंचे, जहां से पुलिस की सहायता से उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खेरागढ़ भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि आगरा के एक अस्पताल में घायल युवक का उपचार जारी है, जहां उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा आरोपितों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बढ़ती आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। रिपोट - शाहरुख़ बेग 151188410
