आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय संगठन मंत्री देवेन्द्र सिंह राणा ने जनपद बुलन्दशहर की अमरपुर साधन सहकारी समिति (पाली आनंदगढ़ी गोदाम) में यूरिया एवं पूर्व में डीएपी खाद के वितरण में कथित अनियमितताओं, पारदर्शिता के अभाव तथा संभावित कालाबाजारी की शिकायत करते हुए जिलाधिकारी बुलन्दशहर सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को विस्तृत पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय संगठन मंत्री देवेन्द्र सिंह राणा द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि क्षेत्र के अनेक किसानों द्वारा खाद उपलब्धता एवं वितरण प्रक्रिया को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। किसानों का आरोप है कि खाद वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता नहीं है, जिससे पात्र किसानों को समय पर आवश्यक खाद प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में डीएपी खाद वितरण को लेकर भी गंभीर शिकायतें सामने आई थीं।
संगठन का कहना है कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को उपलब्ध कराई जाने वाली खाद यदि वास्तविक किसानों तक नहीं पहुंच रही है अथवा वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी हो रही है, तो यह किसानों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डालने के साथ-साथ सहकारी व्यवस्था एवं सरकारी योजनाओं की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करता है। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच आवश्यक है। देवेन्द्र सिंह राणा ने मांग की है कि अमरपुर साधन सहकारी समिति एवं पाली आनंदगढ़ी गोदाम का तत्काल भौतिक सत्यापन कराया जाए, उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया जाए, स्टॉक रजिस्टर एवं वितरण अभिलेखों की जांच की जाए तथा खाद आवंटन एवं वितरण प्रक्रिया का स्वतंत्र ऑडिट कराया जाए। उन्होंने यह भी मांग की है कि जांच में यदि किसी व्यक्ति या अधिकारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर विधिक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में किसानों को खाद के लिए भटकना पड़े और दूसरी ओर वितरण में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आएं, यह अत्यंत चिंताजनक विषय है। किसानों को समय पर और निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना प्रशासन तथा संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
आज़ाद अधिकार सेना ने यह भी मांग की है कि जांच पूरी होने तक संबंधित समिति की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसानों को निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
पत्र की प्रति प्रधान सचिव, सहकारिता विभाग उत्तर प्रदेश; आयुक्त एवं निबंधक, सहकारी समितियां उत्तर प्रदेश; प्रधान सचिव, कृषि विभाग उत्तर प्रदेश; मुख्य विकास अधिकारी, बुलन्दशहर; जिला कृषि अधिकारी, बुलन्दशहर; सहायक निबंधक, सहकारी समितियां बुलन्दशहर सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रेषित की गई है। इसके अतिरिक्त प्रकरण को उत्तर प्रदेश जनसुनवाई पोर्टल पर भी दर्ज कराया गया है।
आज़ाद अधिकार सेना ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर किसानों के हितों की रक्षा करने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों/पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। रिपोर्ट नंद किशोर शर्मा 151170853
