फ़ोटो, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर
फ़ोटो, जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय
डीएम एवं एसपी ने जनपदवासियों से ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ लगाने की अपील की
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर एवं मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार तिवारी ने पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर अधिकारियों ने जनपदवासियों से वर्षाकाल में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। पेड़-पौधे हमें शुद्ध ऑक्सीजन, छाया, फल-फूल तथा स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। इनके बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। पौधारोपण करके हम केवल वर्तमान ही नहीं, बल्कि भविष्य को भी सुरक्षित करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि यदि जनसहभागिता के साथ पौधारोपण अभियान को जन आंदोलन बनाया जाए तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी सफलता मिल सकती है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने भी लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास प्रकृति को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि आगामी वर्षाकाल में अधिक से अधिक पौधे लगाएं, उनकी नियमित देखभाल करें तथा प्रतापगढ़ को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जागरूक जनपद बनाने में अपना योगदान दें। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक वृजनन्दन राय व अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049

