विश्व पर्यावरण दिवस पर खेरागढ़ में अनूठी पहल, निकाली गई पॉलीथीन की प्रतीकात्मक शवयात्रा
खेरागढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकासखंड कार्यालय खेरागढ़ में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। शासन द्वारा संचालित "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही, प्लास्टिक मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पॉलीथीन की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, खंड विकास अधिकारी श्रीमती सुष्मिता यादव सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
पॉलीथीन की शवयात्रा के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि एकल उपयोग वाली प्लास्टिक और पॉलीथीन पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन चुकी हैं। इनके कारण भूमि, जल एवं वायु प्रदूषण बढ़ रहा है, जिससे मानव जीवन और वन्य जीवों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने लोगों से अपील की कि वे पॉलीथीन का उपयोग कम करें, कपड़े एवं जूट के थैलों को अपनाएं, कचरे का उचित निस्तारण करें तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। वहीं खंड विकास अधिकारी सुष्मिता यादव ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने के लिए आज से ही ठोस कदम उठाने होंगे।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश स्पष्ट रहा—
पेड़ बचेंगे तो पर्यावरण बचेगा,
पर्यावरण बचेगा तो भविष्य सुरक्षित रहेगा।
विश्व पर्यावरण दिवस पर खेरागढ़ की यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है, बल्कि समाज को जागरूक करने का एक प्रभावी माध्यम भी बनकर सामने आई। रिपोट - शाहरुख़ बेग 151188410
