फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद में मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में जहांगीराबाद स्थित आवासीय वृद्धाश्रम में सेवा एवं अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी तथा बुजुर्गों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना विकसित करना रहा।
इस अवसर पर युवाओं ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से आत्मीय संवाद स्थापित किया और उनके जीवन अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना। स्वयंसेवकों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताते हुए उन्हें फल, जूस एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी वितरित की। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने कहा कि वृद्धाश्रम आकर उन्हें जीवन की वास्तविकताओं और मानवीय संवेदनाओं को नजदीक से समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में उपस्थित चंद्रशेखर,आदित्य कुमार,अनुज भारद्वाज आदि ने समाज में बुजुर्गों के सम्मान, देखभाल और सेवा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। उपनिदेशक आकर्ष दीक्षित ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में सेवा भाव, सामाजिक चेतना और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वृद्धाश्रम प्रबंधन ने मेरा युवा भारत एवं सभी स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बुजुर्गों को अपनापन, सम्मान और सामाजिक जुड़ाव का एहसास कराते हैं। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा सेवा एवं सामाजिक सहयोग का संकल्प लेने के साथ हुआ। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044 750
