फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
यूपी, गोरखपुर, कुसम्ही बाजार l जगदीशपुर गांव की होनहार पहलवान अर्पिता सरोज ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर कुश्ती के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। भदोही में आयोजित अंडर-23 स्टेट चैंपियनशिप कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्पिता ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गोरखपुर जनपद का गौरव बढ़ाया है।
प्रतियोगिता के दौरान अर्पिता ने शुरुआत से ही अपना दबदबा कायम रखा। पहले मुकाबले में उन्होंने बागपत की प्रीति को 11-1 के बड़े अंतर से पराजित किया। इसके बाद सेमीफाइनल में बनारस की अंशु को 10-4 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। स्वर्ण पदक के मुकाबले में अर्पिता ने मेरठ की पायल साहनी को 12-4 से शिकस्त देकर एकतरफा जीत दर्ज की और गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।
अर्पिता वर्तमान में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की शिवाजी व्यायामशाला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनकी इस सफलता के पीछे उनकी अथक मेहनत, अनुशासन और कोच डॉ. हरिराम यादव का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा है। उनके कुशल प्रशिक्षण और निरंतर प्रोत्साहन ने अर्पिता को इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।
अर्पिता की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से जगदीशपुर, सोनबरसा सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि अर्पिता की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने का उत्साह प्रदान करेगी।
अर्पिता सरोज ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी प्रदेश और देश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। रिपोट - जसवीर मोदनवाल 151167985
