फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
यूपी , गोरखपुर, कुसम्ही बाजार । भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप के बीच राहगीरों, मजदूरों एवं यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से विद्यावती देवी शैक्षिक एवं कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क प्याऊ का शुभारंभ किया गया। यह प्याऊ प्रखर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रामनगर कड़जहां के समीप रॉयल एकेडमी के पास स्थित हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित किया गया है।
प्याऊ पर शुद्ध एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है, जिससे क्षेत्र से गुजरने वाले लोग बिना किसी शुल्क के अपनी प्यास बुझाकर गर्मी से राहत प्राप्त कर सकेंगे। ट्रस्ट के संस्थापक विनय कुमार ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए आमजन की सुविधा के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है और जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने के लिए ऐसे जनकल्याणकारी कार्य आगे भी जारी रहेंगे।
उन्होंने बताया कि विद्यावती देवी शैक्षिक एवं कल्याणकारी ट्रस्ट शिक्षा, कंप्यूटर प्रशिक्षण, रोजगार सृजन, सामाजिक उत्थान तथा गरीब कन्याओं के विवाह जैसे विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहा है। कोरोना महामारी के दौरान भी संस्था ने जरूरतमंद लोगों की सहायता कर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया था।
ट्रस्ट की ओर से संचालित यह निःशुल्क प्याऊ पूरे ग्रीष्मकाल में नियमित रूप से संचालित किया जाएगा, जिससे राहगीरों और जरूरतमंदों को निरंतर लाभ मिलता रहेगा।
प्याऊ के शुभारंभ अवसर पर रितिक कुमार सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अनिरुद्ध सिंह, अशोक सिंह, रामसजन भारती, संदीप पाल, मुकेश विश्वकर्मा, ज्योति यादव, रामप्यारे गुप्ता, चंदन कुमार एवं सर्वेश कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उन्होंने ट्रस्ट की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे मानवता और सामाजिक सेवा की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया। रिपोर्ट - जसवीर मोदनवाल 151167985
