प्रतापगढ़ जनपद की नगर पंचायत कटरा गुलाब सिंह में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व हर्षोल्लास, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह निर्धारित समय पर ईदगाह और मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, खुशहाली तथा तरक्की की दुआ मांगी।
बकरीद की नमाज के लिए सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। छोटे बच्चे, युवा और बुजुर्ग नए कपड़े पहनकर नमाज अदा करने पहुंचे। नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भी निर्धारित समय पर ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम, सौहार्द तथा भाईचारे का संदेश दिया। पूरे क्षेत्र में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों में ईद की खुशी साफ नजर आई, वहीं घरों में सेवइयां और विभिन्न पारंपरिक पकवानों की खुशबू से माहौल और भी खास बन गया।
इस अवसर पर नगर पंचायत चेयरमैन अशोक कुमार उर्फ मुन्ना भैया ने सभी मुस्लिम भाइयों को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं दीं और त्योहार को सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बताया।
त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। चौकी प्रभारी राजीव वर्मा के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जिससे नमाज और त्योहार के सभी कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुए।
ईद-उल-अजहा का यह पर्व क्षेत्र में खुशियां, भाईचारा और अमन-चैन का संदेश लेकर आया, जहां हर चेहरे पर मुस्कान और दिलों में मोहब्बत दिखाई दी। रिपोट - मोहद अनीश 151140893
