- जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन के बाहर अवैध वाहन स्टैंड से लगा जाम
- सड़क पर खड़े वाहनों से यात्रियों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी
- अवैध स्टैंड हटाने और यातायात व्यवस्था सुधारने की उठी मांग
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सिटी रेलवे स्टेशन के बाहर अवैध वाहन स्टैंड लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता जा रहा है। स्टेशन परिसर के बाहर कुछ वाहन चालक मनमाने तरीके से सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर अवैध रूप से स्टैंड संचालित कर रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
हालात यह हैं कि स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ आम राहगीरों को भी घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण अक्सर लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
भीषण गर्मी और तपती धूप में जाम में फंसे लोग प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि स्टेशन के बाहर संचालित अवैध वाहन स्टैंड को तत्काल हटाया जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए, ताकि यात्रियों और आम जनता को राहत मिल सके।
फिलहाल लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि इस समस्या का समाधान कब तक किया जाता है। यह थी विपिन चंद मौर्या की रिपोट