फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। तरुण चेतना संस्थान और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत बहुता की बर्मा बस्ती में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 11 वीं वाहिनी द्वारा आपदा प्रबंधन एवं बचाव को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के इंस्पेक्टर कृष्णा कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में बाढ़, आगजनी, भूकंप, आंधी-तूफान जैसी आपदाएं अचानक आती हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को प्राथमिक बचाव एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही किसी भी आपदा से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने लोगों को आपदा के समय घबराने के बजाय संयम बनाए रखने तथा प्रशासन एवं राहत टीमों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। इसी क्रम में आपदा प्रबंधन के उप निरीक्षक प्रभात सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी आपदा के दौरान सबसे पहले स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए तथा जरूरत पड़ने पर तुरंत प्रशासन एवं राहत एजेंसियों से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने लोगों को प्राथमिक उपचार, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने के तरीके तथा आपातकालीन सहायता नंबरों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में सीपीआरव देने की प्रक्रिया का डेमो करके दिखाया गया, जिसे दर्शकों ने भी करके सीखा। इस अवसर पर तरुण चेतना के निदेशक नसीम अंसारी ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि संस्था लगातार समुदाय के बीच जाकर लोगों को सुरक्षा, स्वच्छता एवं आपदा से बचाव के विषय में जागरूक करने का कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आपदा के समय अफवाहों से बचें और एक-दूसरे की सहायता करें। कार्यक्रम में अरविंद सिंह, बलराम राना, शैलेश, मनोज राय, हकीम अंसारी, श्याम शंकर शुक्ला, रजनीश एवं ब्रह्मदेव उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ टीम ने अकाशीय बिजली, डूबने से बचने आदि आपदा से बचाव के व्यावहारिक उपायों का प्रदर्शन भी किया, जिसे ग्रामीणों ने काफी रुचि के साथ देखा और जानकारी प्राप्त की। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
