फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत। गजरौला कला थाना क्षेत्र के पिपरिया भजा गांव के मजरा घियोना में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित एक आम के बाग में 22 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हरिशंकर पुत्र ओमप्रकाश निवासी घियोना के रूप में हुई है। सुबह ग्रामीणों ने युवक का शव चुन्नी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका देखा। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे मां चंपा देवी, बड़े भाई अरविंद तथा दो विवाहित बहनों रेखा देवी और जलपा देवी को छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सूचना मिलने पर गजरौला कला थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस युवक की मौत के कारणों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान 151173981
