फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत बीसलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक निर्माणाधीन मकान की शटरिंग हटाते समय अचानक लेंटर का पूरा ढांचा भरभराकर नीचे गिर गया। मलबे में दबने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, बीसलपुर नगर के पटेल नगर निवासी रामचंद्र (लगभग 55 वर्ष) अन्य मजदूरों के साथ राजेश उर्फ अरविंद एडवोकेट के निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे थे। मंगलवार को जब मजदूर मकान की शटरिंग हटाने का काम कर रहे थे, तभी अचानक यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और बीसलपुर थाने के एसएसआई रमेश चंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। मलबे के नीचे दबे मजदूरों को काफी कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हालांकि, जब तक मलबे से निकाला जाता, तब तक रामचंद्र की मौत हो चुकी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अन्य तीन मजदूरों—बुद्धसेन, वीरेंद्र और वीरपाल को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। थाना अध्यक्ष संजीव कुमार शुक्ला ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने मृतक रामचंद्र के शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। फिलहाल पुलिस प्रशासन द्वारा हादसे के सटीक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान 151173981
