गोरखपुर। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से रविवार को शहर के 25 केंद्रों पर सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा का आयोजन किया गया। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा पूरी शुचिता के साथ संपन्न हुई। परीक्षा के नए पैटर्न से इस बार अभ्यर्थियों को खूब छकाया। बड़ी संख्या में आए करंट अफेयर्स के सवालों ने अभ्यर्थियों को राहत दी।
पहली पाली में सामान्य अध्ययन के पेपर का पैटर्न इस बार बदला हुआ था। पेपर बहुत लंबा था। कुल 100 में से 36 प्रश्न करंट अफेयर्स से थे। साइंस एंड टेक्नोलॉजी से 11, प्राचीन इतिहास से नौ, संस्कृति और राज व्यवस्था आठ-आठ प्रश्न पूछे गए थे। दूसरी पाली में सीसेट के पेपर में गणित से सर्वाधिक 37 प्रश्न पूछे गए थे। पेपर लंबा होने की वजह से कई अभ्यर्थी सभी सवालों तक नहीं पहुंच सके।
अभ्यर्थी दिव्या दुबे ने बताया कि करंट अफेयर्स के सवाल आसान लगे। करंट अफेयर्स से इतने अधिक सवाल आने की उम्मीद नहीं थी। जिन अभ्यर्थियों ने लगातार अखबार पढ़े होंगे और वर्तमान परिस्थितियों पर अच्छी जानकारी होगी, उनके लिए पेपर आसान था। अभ्यर्थी दीपक कुमार ने बताया कि सीसेट में मैथ से सर्वाधिक सवाल पूछे गए थे। हिंदी माध्यम से पढ़ने वाले अभ्यर्थियों के लिए सीसेट कठिन था। अभ्यर्थी आदित्य ने बताया कि इस बार एथिक्स से जुड़े सवाल भी पूछे गए थे, जिन पर अभ्यर्थियों का फोकस नहीं होता।
68.44 प्रतिशत अभ्यर्थी हुए शामिल
देश की सबसे बड़ी परीक्षा के लिए शहर के 25 केंद्रों पर कुल 11,112 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से पहली पाली में 7664 उपस्थित व 3484 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 7606 उपस्थित व 3504 अनुपस्थित रहे। इस तरह इस परीक्षा में कुल 68.44 प्रतिशत उपस्थित व 31.56 प्रतिशत अनुपस्थित रहे।
अभ्यर्थी न हों परेशान, नीचे जाएगी मेरिट
सरस्वती आईएएस के निदेशक राकेश सारस्वत ने बताया कि अभ्यर्थियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। इस बार मेरिट बहुत कम जाएगी। जो अभ्यर्थी नियमित रूप से अखबार पढ़ते होंगे, उनके लिए करंट अफेयर्स के सवाल आसान थे। इस बार सीसेट (क्वालीफाइंग पेपर) के सवाल भी तुलनात्मक रूप से कठिन थे। रिपोर्ट - फूलमती मौर्य 151188511
