मथुरा। शहर के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित श्रीजी बाबा स्कूल के पास पत्रकार दिनेश शर्मा पर कुछ दबंगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया तथा पत्रकारों में भारी रोष व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद आगरा मंडल अध्यक्ष एवं पत्रकार दिनेश शर्मा किसी कार्य से श्रीजी बाबा स्कूल के पास मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने का प्रयास किया।
इस घटना के बाद पत्रकार संगठनों में भारी नाराज़गी है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठ रही है। घटना की सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल पत्रकार को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आरोपियों की पहचान कर जल्द ही कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट नंद किशोर शर्मा 151170853
