जौनपुर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। पिछले पांच दिनों से जिले का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने लू के प्रकोप से बच्चों को बचाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को 15 जून तक बंद रखने का आदेश दिया है। इस बीच, गोरखपुर-प्रयागराज मार्ग पर सवंसा कब्रिस्तान के पास 100 केवीए का एक ट्रांसफार्मर जल गया। इससे लगभग 100 घरों की बिजली आपूर्ति 48 घंटे से अधिक समय से बाधित है। बिजली न होने के कारण प्रभावित क्षेत्रों में पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है।बुधवार दोपहर करीब 2 बजे ट्रांसफार्मर जलने के बाद भीम नगर सवंसा और केवटली बाजार के लोग रात भर गलियों में टहलने को मजबूर रहे। इन्वर्टर भी जवाब दे जाने के कारण लोग ठीक से सो नहीं पाए। सुबह होते ही पानी का संकट गहरा गया, और घरों में महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग गर्मी से परेशान दिखे।शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय सड़कों और चौराहों पर सन्नाटा पसरा रहता है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। लू के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।भीषण गर्मी के कारण दोपहिया वाहनों से यात्रा करना मुश्किल हो गया है। पशु-पक्षी भी पानी की कमी और अत्यधिक तापमान से जूझ रहे हैं। शहर में सरकारी प्याऊ की व्यवस्था न होने से लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। इस वर्ष स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा भी सार्वजनिक प्याऊ की व्यवस्था कम ही देखने को मिल रही है।हालांकि, असहाय सहायता समिति के ठेले कहीं-कहीं पानी उपलब्ध कराते दिख रहे हैं। नगर पालिका परिषद के स्टैंड पोस्ट भी अब नजर नहीं आते हैं। इसी बीच, जौनपुर जनपद में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए 15 जून तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह निर्णय 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को अत्यधिक गर्मी से बचाने के लिए लिया गया है। डीएम ने स्पष्ट किया कि बच्चों के लिए अवकाश होने के बावजूद सभी आंगनबाड़ी केंद्र खुले रहेंगे।इस अवधि में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं केंद्रों पर उपस्थित रहकर विभागीय कार्य करेंगी। जनपद वासियों से भीषण गर्मी एवं लू को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। कहा कि जनपद में तापमान लगभग 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। हीट वेव को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है।ऐसे में सतर्कता के साथ रहने की आवश्यकता है। डीएम ने कहा कि अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही दोपहर में घर से बाहर निकलें। बाहर निकलते समय हल्के रंग के सूती एवं शरीर को पूर्ण रूप से ढकने वाले कपड़े पहनें तथा सिर को ढकने के लिए कैप, गमछा या छाते का उपयोग करें।धूप से बचने के लिए चश्मे का प्रयोग भी किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक छायादार एवं ठंडे स्थानों पर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी न होने दें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। डीएम ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अत्यधिक सिरदर्द, चक्कर, उल्टी, तेज बुखार अथवा अन्य असामान्य लक्षण महसूस हों तो तत्काल नजदीकी चिकित्सकीय केंद्र जैसे सीएचसी, पीएचसी अथवा जिला अस्पताल में पहुंचकर चिकित्सकों से परामर्श लें। रिपोट - विपिन चंद मौर्या 151045502
