फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज । कोतवाली क्षेत्र के कस्बा पटियाली में जमीन विवाद को लेकर भारतीय सेना में तैनात सूबेदार मेजर और उनके भतीजे पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कई लोगों के खिलाफ कोतवाली पटियाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम नगला डालू निवासी ओमवीर पुत्र बृजपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह भारतीय सेना में सूबेदार मेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 9 मई 2025 को पटियाली में एक प्लॉट पुष्पा देवी से खरीदा था। उक्त प्लॉट का कब्जा उन्हें माननीय उच्च न्यायालय एवं सिविल जज कासगंज के आदेशों के अनुपालन में एसडीएम पटियाली द्वारा दिलाया गया था।आरोप है कि शिव कुमार उर्फ सम्पत निवासी मुल्ला टोला ने फर्जी बैनामे के आधार पर न्यायालय से एकपक्षीय स्थगन आदेश प्राप्त कर निर्माण कार्य रुकवा दिया था, जिसे बाद में न्यायालय ने खारिज कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे शिव कुमार उर्फ सम्पत अपने साथ कई लोगों को लेकर निर्माणाधीन मकान पर पहुंच गया।
तहरीर के अनुसार आरोपियों के हाथों में सरिया, तमंचा और बंदूकें थीं। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए ओमवीर पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान उनके हाथ में गंभीर चोट आई और कई जगह फ्रैक्चर हो गया। शोर सुनकर बचाने पहुंचे उनके भतीजे शिव कुमार उर्फ टैनी को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावर उनकी जेब से सेना का आई कार्ड और 60 हजार रुपये भी निकाल ले गए। जाते समय आरोपियों ने फायरिंग करते हुए दोबारा निर्माण कराने पर जान से मारने की धमकी दी।
घायलों का जिला अस्पताल कासगंज में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
