आज प्रतापगढ़ में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी का होगा आगमन
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी लालगंज, प्रतापगढ़। बदरिका आश्रम के जगतगुरू शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी के आज शुक्रवार को लालगंज क्षेत्र में आगमन को लेकर गुरूवार को आयोजकों द्वारा स्वागत सत्कार की रूपरेखा पर मंथन जारी दिखा। वहीं लालगंज के हरिहरमंदिरम स्थित परमानंद आश्रम में श्री शंकराचार्य के स्वागत कार्यक्रमों को लेकर श्रीरामचरितमानस राष्ट्रीय ग्रन्थ संरक्षा अभियान समिति की बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय संयोजक ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने लालगंज क्षेत्र के भटनी स्वामी करपात्री जन्मस्थली में श्री शंकराचार्य के कार्यक्रम को लेकर स्पष्ट किया कि अभिनंदन यात्रा में किसी ने अव्यवस्था उत्पन्न करने का प्रयास किया तो इसके विपरीत परिणाम होंगे। उन्होने कहा कि अविमुक्तेश्वरानंद जी प्रतापगढ़ के गौरव हैं और ऐसे में उनके स्वागत में किसी भी संकुचित सोच को बर्दास्त नही किया जा सकता। उन्होने जनपद प्रशासन व सरकार से कहा है कि वह शांति व्यवस्था सुनिश्चित करे अन्यथा की स्थिति में उत्पन्न परिणाम के लिए प्रशासन उत्तरदायी होगा। बैठक का संचालन सह संयोजक अनिल त्रिपाठी महेश ने किया। वहीं संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेशचंद्र तिवारी व उपाध्यक्ष नामवर सिंह तथा महामंत्री शिवरंजन यादव की अगुवाई में तहसील गेट पर अधिवक्ताओं द्वारा शंकराचार्य जी का स्वागत किया जाएगा। इसके पहले रानीगंज कैथौला बाजार में पप्पू तिवारी के संयोजन में शंकराचार्य जी का स्वागत होगा। लालगंज के हनुमत निकेतन धाम में हुई बैठक में व्यवस्थापक ब्रजघोष ओझा, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, ब्लाक प्रमुख अमित सिंह पंकज, रामलखन जायसवाल आदि ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी के सम्मान कार्यक्रम की रूपरेखा पर मंथन किया। वहीं स्थानीय प्रशासन भी शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी के कार्यक्रम को लेकर शांति व्यवस्था के बाबत मंथन में दिखा। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
