फर्स्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद नगर के शिवकुमार अग्रवाल जनता इंटर कॉलेज में आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा के दौरान एक युवक को फर्जी तरीके से दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। मामले का खुलासा होने के बाद केंद्र व्यवस्थापक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आरोपी युवक के खिलाफ स्थानीय कोतवाली में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
केंद्र व्यवस्थापक सी.पी. अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे जनपदीय कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि परीक्षा केंद्र के कक्ष संख्या 22 में एक संदिग्ध व्यक्ति परीक्षा दे रहा है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ की गई।
संदेह होने पर युवक का दोबारा बायोमेट्रिक सत्यापन कराया गया, जिसमें फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया। कड़ी पूछताछ में युवक ने अपना नाम योगेश कुमार पुत्र लेजम सिंह निवासी फिरोजाबाद बताया। युवक ने स्वीकार किया कि वह राहुल पुत्र रमेशचंद्र निवासी बिहारीपुर, फिरोजाबाद के स्थान पर परीक्षा देने आया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र व्यवस्थापक सी.पी. अग्रवाल, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश यादव ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय कोतवाली में आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए लिखित शिकायत दी गई।
परीक्षा केंद्र पर हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में भी हलचल रही। सेक्टर प्रभारी व बीडीओ जहांगीराबाद मनीष मिश्र का कहना है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराया गया तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी नजर रखी गई। रिपोर्ट सुनील कुमार 151044 750
