यूपी संतकबीरनगर जिले में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी में राहत पाने के लिए शीतल पेयजल बड़ा सहारा है। इस समस्या को लेकर सालों पहले ब्लाकों, कुछ महत्वपूर्ण स्थानों, नगर पंचायतों में आने वाले फरियादियों व राहगीरों की सुविधा के लिए आरओ वाटर कूलर लगवाए गए थे।
हिन्दुस्तान ने सोमवार को इन वाटर कूलरों की पड़ताल कराई तो इनकी हालत बदहाल मिली। जगह-जगह वाटर कूलर खराब पड़े हैं। इसकी जह से प्यास बुझाने के लिए फरियादियों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को बोतलबंद पानी पर निर्भर होना पड़ रहा है। या फिर दूषित पानी पीकर अपनी सेहत से खिलवाड़ करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ब्लाक कर्मचारी व फरियादी भी दूषित जल पीने के लिए मजबूर है
भीषण गर्मी शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं फरियादी
सांथा ब्लाक मुख्यालय पर शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए लगाया गया आरओं वाटर कूलर बीडीओ के आवास के पीछे झाड़ियां में खराब पड़ा है। इससे ब्लाक के अधिकारी, कर्मचारी, फरियादी शुद्ध पेयजल के लिए इस भीषण गर्मी में तरस रहे हैं। तीन वर्ष पूर्व व्लाक कार्यालय तथा सभागार का मरम्मत कार्य कराते समय हटा दिया गया था जो अभी तक नहीं लगाया गया। वर्ष 2018-19 में सांसद निधि से लगभग 6 लाख रूपए की लागत से पांच सौ लीटर की क्षमता का शुद्ध पेयजल के लिए लगाया आरओं वाटर कूलर सिस्टम लगने के बाद से ही चालू नहीं हो सका। निवर्तमान सांसद स्व. शरद त्रिपाठी द्वारा उद्घाटन किया गया था। उद्घाटन के कुछ दिन बाद ही से ही वाटर कूलर सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया। ब्लाक पर आने जाने वाले जरूरतमंदों को शुद्ध पेयजल नसीब नहीं हो रहा हैं। विगत वर्ष ब्लाक कार्यालय तथा सभागार का मरम्मत कार्य कराते समय हटा दिया गया था जो अभी तक भीषण गर्मी होने के वावजूद नहीं लगाया गया। ब्लाक परिसर में इडियां मार्का हैंड पम्प लगा हैं जो दूषित जल दे रहा है। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से ब्लाक में लगे आरओं वाटर कूलर को चालू कराने की मांग की हैं। इस संबंध मे एडीओ पंचायत मैनुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि मुझे नहीं पता है निकलवा कर कहाँ रखवाया गया है। बड़े बाबू से पता करवा कर सही करके लगाया जाएगा।
बूंद-बूंद पानी को तरस रहे फरियादी, आरओ बना शोपीस
भीषण गर्मी के बीच नाथनगर ब्लॉक मुख्यालय पर पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। परिसर में लगा आरओ प्लांट महीनों से खराब पड़ा है। सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे दर्जनों फरियादी प्यास बुझाने के लिए शीतल जल की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। तेज धूप और उमस भरी गर्मी में लोगों को पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान होना पड़ा। कोमल, गीता देवी, भवानी प्रसाद, प्रभुदयाल, अशफ अली समेत अन्य लोगों ने बताया कि ब्लॉक परिसर में आने वाले ग्रामीणों के लिए यही एकमात्र शुद्ध पेयजल का सहारा था। लेकिन लंबे समय से खराब होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में जहां शासन आमजन को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दे रहा है। वहीं ब्लॉक मुख्यालय में ही लोग प्यासे भटकने को मजबूर हैं। इसी तरह रौजा मदरसे पर भी ग्राम पंचायत की ओर से लाखों खर्च करके आरओ लगाया गया है लेकिन मदरसे के अंदर उक्त आरओ लगा दिए जाने से विवाद हो गया। डीएम से शिकायत हुई तो जांच शुरू हो गई। कुछ बच्चे ही आरओ का पानी इस्तेमाल कर रहे है। अन्य ग्रामीण पानी को तरस रहे हैं।
दो साल से खराब है वाटर कूलर
नगर पंचायत बखिरा में दो वर्ष पहले शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए दर्जनों स्थानों पर वाटर कूलर लगवाया गया। जो शो पीस बनकर रह गया। कस्बे में आने वाले लोग शुद्ध पेयजल के लिए गर्मी में परेशान हैं। नगर पंचायत में दर्जन भर स्थान पर लाखों रूपये की लागत से पांच सौ लीटर की क्षमता का वाटर कूलर लगने के बाद से ही बन्द हो गया है। आने जाने वाले जरूरतमदों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल रहा है।
तहसील में लगे वाटर कूलर का हो रहा मरम्मत, ग्रामीण क्षेत्र में हाल बेहाल
आसमान से बरसती आग और चिलचिलाती धूप के बीच सूख रहे हलक को बुझाने के लिए पानी ही सहारा बन रहा है। लेकिन जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लगाए गए वाटर कूलर जगह-जगह खराब पड़े हैं। ब्लाक परिसर में लगा वाटर कूलर जहां चालू हालत में है, वहीं तहसील में लगे वाटर कूलर का मरम्मत कार्य चल रहा है। फरियादियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बीएमसीटी मार्ग पर कौवाठोर में सड़क किनारे लगे वाटर कूलर में टोटी ही नहीं लग पाई। वाटर कूलर लगने के बाद से ही यह क्रियाशील नहीं हो पाया। बनकसिया पुलिस चौकी के पास लगा आरओ प्लांट लगने के कुछ दिन बाद से ही खराब पड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह प्लांट जब से लगा है, तब से आज तक इसका उपयोग नहीं हो पाया है। रिपोट - राज कुमार वर्मा 151109870
