राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने विद्युत कटौती व मूल्य वृद्धि को लेकर भाजपा पर बोला तीखा हमला
लालगंज घुइसरनाथ हाइवे पर क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण करते सांसद प्रमोद तिवारी
लालगंज में संगम चौराहे के समीप सांसद प्रमोद तिवारी का स्वागत करते कांग्रेसी
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी लालगंज, प्रतापगढ़। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने सोमवार को नगर पंचायत लालगंज की बाजार के अन्तर्गत लालगंज से घुइसरनाथ रोड पर हाल ही में सड़क क्षतिग्रस्त होने को लेकर निरीक्षण किया। सांसद प्रमोद तिवारी ने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को धमाके के साथ सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारणों का पता लगाने के साथ अविलम्ब इसे दुरूस्त करने के निर्देश दिये। उन्होनें अधिकारियों से कहा कि पुरूषोत्तम माह के चलते बाबा घुइसरनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवागमन को सुविधाजनक बनाए रखने के लिए क्षतिग्रस्त सड़क का गुणवत्तापूर्वक पुनर्निर्माण होना चाहिए। वहीं उन्होनें प्रदेश में भीषण गर्मी के चलते हो रही विद्युत कटौती को चिंताजनक करार दिया है। उन्होने कहा कि लगभग सैंतालिस डिग्री तक के अनुमानित तापमान के कारण इस समय लोग गर्मी से परेशान हैं। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर जबरिया थोपने वाली भाजपा सरकार आपूर्ति की बदहाली रोकने में अक्षम साबित हो रही है। उन्होने कहा कि अभी तक सरकार की ओर से स्मार्ट मीटर की व्यवस्था महज स्थगित किए जाने का फरमान जनता के साथ छल है। सोमवार को रामपुरखास के दौरे पर पहुंचे सांसद प्रमोद तिवारी लालगंज तथा रायपुर तियांई व रानीगंज कैथौला में जनसंवाद के तहत बीजेपी सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर हमलावर दिखे। वहीं उन्होने कहा कि घरेलू गैस सिलेण्डर की आपूर्ति भी जरूरतमंदों को खपत के अनुरूप नहीं हो पा रही है। उन्होने कहा कि प्रबन्धन की खामियों के कारण लोग घरेलू सिलेण्डर को लेकर एजेन्सियों पर कालाबाजारी का शिकार हो रहे हैं। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने खेती में प्रयोग होने वाले कृषि रसायन की आनलाइन बिक्री में मिलावटखोरी को भी चिन्ताजनक कहा। उन्होने कहा कि खाद, बीज के लिए सरकार की देखरेख वाली कमेटी में पंजीकृत न होने वाली तमाम एजेन्सियां मिलावटखोरी कर रही है। सांसद प्रमोद तिवारी ने रूस के मॉस्को में यूक्रेन के द्वारा किये गये हमले में एक भारतीय श्रमिक की मौत को भी दुखदायी करार दिया। उन्होने कहा कि मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों तथा विदेश नीति के लचर होने के कारण देश की साख रोज कमजोर हो रही है। डीजल एवं पेट्रोल को लेकर हर क्षेत्र में मूल्य वृद्धि से बढ़ती मंहगाई को सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सबसे बड़ी विफलता कहा। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्रित्व कार्यकाल में भी वर्ष 2013 में अर्न्तराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें सौ डॉलर प्रति बैरल से ऊपर हो गयी थी। सांसद प्रमोद ने कहा तब भी मनमोहन सरकार ने पेट्रोल का दाम सत्तर रूपये से ज्यादा डांकने नहीं दिया। उन्होने कहा कि यूपीए सरकार ने कच्चे तेल की अर्न्तराष्ट्रीय कीमतों में उछाल के बावजूद लोगों को बिना मिलावट के पेट्रोल प्रदान किया। उन्होने कहा कि चिन्ताजनक यह है कि मौजूदा सरकार आज एक लीटर पेट्रोल में बीस प्रतिशत इथेनॉल की मिलावट को लेकर कंपनियों पर शिकंजा नही कस पा रही है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने केरल में कांग्रेस के नेतृत्व में वीडी सतीशन के मुख्यमंत्री पद पर शपथ लेने को लेकर कहा कि वहां की गठबंधन सरकार सहयोगी दलों के सम्मान के लिए भाजपा के सहयोगी दलों के साथ अवसरपरस्त नजरिए के लिए नजीर है। राजस्थान के जोधपुर में दुष्कर्म की घटना में शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने की दशा में दो सगी बहनों की आत्महत्या की घटना को उन्होनें शर्मनाक करार दिया। वहीं उन्होने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नीट में पेपरलीक को लेकर छात्रा अंशिका पाण्डेय के द्वारा तनाव में आत्महत्या की घटना को भाजपा नीति मोदी सरकार की लगातार पेपरलीक होने के चलते दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। सांसद प्रमोद तिवारी ने देर शाम पुरूषोत्तम माह के पहले सोमवार को बाबा घुइसरनाथ धाम में दर्शन पूजन किया। यहां उन्होने विशेष माह में शिव भक्तों व श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ प्रशासनिक प्रबन्धों का भी अवलोकन किया। लालगंज में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सांसद प्रमोद तिवारी का माल्यार्पण कर स्वागत भी किया। इस मौके पर प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, ब्लाक प्रमुख अमित सिंह पंकज, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, सांगीपुर प्रमुख अशोक सिंह बबलू, मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, केडी मिश्र, दृगपाल यादव, डॉ0 अमिताभ शुक्ल, सुरेंद्र सिंह ददन, आशीष उपाध्याय, पप्पू तिवारी, कुंवर ज्ञानेन्द्र सिंह, जय सिंह, विंदेश्वरी पटेल, रामचंद्र तिवारी, शशीन्द्रनाथ शुक्ल, हाजी अनवर अली, छोटे लाल सरोज आदि रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
