फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेन्द्र कुमार मौर्य ने बताया है कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत शैक्षिक सत्र 2026-27 में संचालित होने वाली निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग के लिए वार्ताकार/विषय विशेषज्ञ व्याख्याताओ की आवश्यकता है जिसके लिये आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत यूपीएससी, यूपीपीएससी, एनडीए/सीडीएस, नीट, जेईई तथा अन्य एकदिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को ऑनलाइन कक्षाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होने बताया है कि इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र 25 मई 2026 तक कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी विकास भवन प्रतापगढ़ में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच जमा कर सकते हैं। यूपीएससी एवं पीसीएस के लिए विश्वविद्यालय एवं राजकीय डिग्री कॉलेजों के शिक्षक अथवा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं नीट एवं जेईई के लिए संबंधित विषय में एम.एससी (प्रथम श्रेणी), एमबीबीएस, बीएएमएस, बीडीएस, एम.टेक अथवा बी.टेक डिग्रीधारी अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। अनुभवी कोचिंग शिक्षकों को वरीयता दी जाएगी। एनडीए/सीडीएस एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए स्नातक डिग्री तथा कम से कम दो वर्ष के शिक्षण अनुभव को अनिवार्य रखा गया है। संस्था द्वारा तीन वर्ष का कोचिंग अनुभव प्रमाणित करने वाले अभ्यर्थियों को विशेष प्राथमिकता मिलेगी। चयनित अतिथि व्याख्याताओं को प्रति व्याख्यान 2000 रुपये मानदेय दिया जाएगा। प्रत्येक व्याख्यान की अवधि 90 मिनट होगी तथा एक व्याख्याता को प्रतिमाह अधिकतम 30 व्याख्यान लेने की अनुमति होगी। उन्होने बताया है कि सेवानिवृत्त शिक्षक एवं विषय विशेषज्ञ भी आवेदन के पात्र होंगे। साक्षात्कार की सूचना अभ्यर्थियों को ईमेल एवं व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। अधिक जानकारी के लिये डा0 पीयूष पाण्डेय (कोर्स को-ऑर्डिनेटर मुख्यमंत्री अभ्युदय याजना) के मोबाइल नम्बर 9807524558 पर सम्पर्क कर सकते है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
