फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रद्धालुओं से भरी एक टूरिस्ट मिनी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसा देल्हूपुर थाना क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना में बस में सवार करीब 12 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। जानकारी के अनुसार टूरिस्ट मिनी बस में कुल 17 श्रद्धालु सवार थे, जो प्रयागराज में पवित्र स्नान करने के बाद प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में हाईवे पर आगे बढ़ रही थी, तभी अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते बस हाईवे के डिवाइडर से जोरदार तरीके से टकराई और सड़क पर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के शीशे टूट गए और कई यात्री सीटों के बीच फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। कई लोगों ने अपने स्तर पर घायलों को पानी पिलाया और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की देल्हूपुर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू कराया और गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल एंबुलेंस 108 के माध्यम से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम घायलों के उपचार में जुटी रही। कुछ श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आने की सूचना है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर पलटी हुई बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हो गए। क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि थाना देल्हूपुर क्षेत्र में टूरिस्ट मिनी बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी। दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है तथा सभी को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद हाईवे पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर वाहनों की तेज गति और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
