देवहा नदी में खतरनाक करतब पड़ा भारी, ट्रैक्टर पलटने से नीचे दबा युवक; वायरल वीडियो ने उठाए सवाल
पीलीभीत के दियोरिया कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया रील बनाने का खतरनाक शौक एक युवक की जान ले बैठा। देवहा नदी में ट्रैक्टर से स्टंट कर रहे युवक की ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक बिलसंडा थाना क्षेत्र के मुड़िया बिलहरा गांव निवासी 28 वर्षीय राजेश ट्रैक्टर चालक था। रविवार दोपहर वह निगोही थाना क्षेत्र के उन्न कला निवासी नदीम का ट्रैक्टर लेकर काम से घूघचिहाई जा रहा था। रास्ते में वह दियोरिया क्षेत्र के कामघाट पुल के पास देवहा नदी किनारे पहुंचा और ट्रैक्टर को नदी में उतार दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राजेश नदी के पानी में ट्रैक्टर को गोल-गोल घुमाकर स्टंट कर रहा था। इसी दौरान वह कपड़े उतारकर नदी में कूद गया, जबकि ट्रैक्टर पानी में घूमता रहा। अचानक ट्रैक्टर मिट्टी के टीले से टकराकर पलट गया और राजेश उसके नीचे दबकर गहरे पानी में डूब गया।
घटना देखते ही आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने नदी में कूदकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों व जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर और युवक को बाहर निकलवाया। गंभीर हालत में राजेश को दियोरिया सीएचसी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी राजेश्वरी, बेटा आर्यन (6), बेटी निहारिका (6) और चार वर्षीय नेहा को छोड़ गया है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा है।
थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
