फास्ट न्यूज इंडिया यूपी हरदोई। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों, गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी तथा लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में आयोजित किया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और जिलाधिकारी हरदोई के माध्यम से राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने "महंगाई की मार, नहीं सहेगा हिंदुस्तान", "गैस सिलेंडर की कालाबाजारी बंद करो" और "युवा विरोधी सरकार होश में आओ" जैसे नारे लगाए। उन्होंने सरकार की जनविरोधी नीतियों पर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
ज्ञापन में कहा गया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण दूध, फल और सब्जियों सहित अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम भी बढ़ रहे हैं। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। निजी शिक्षा और निजी अस्पतालों के बढ़ते खर्चों ने भी आम आदमी की परेशानियां बढ़ा दी हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे लोग मजबूरी में ब्लैक में गैस सिलेंडर खरीदने को विवश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की जनविरोतियों ने गरीब, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। पांडेय ने कहा कि जनता बढ़ती महंगाई से त्रस्त है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि देश का युवा बेरोजगारी और लगातार हो रहे पेपर लीक से परेशान है। उन्होंने इन मुद्दों पर सरकार की विफलता पर चिंता व्यक्त की।
धरना प्रदर्शन में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अजीत विशाल नंदवंशी, आफताब हैदर, अजीत सिंह चंदेल, भुट्टो मियां, जिला महासचिव श्रीराम, अनिल प्रेम प्रकाश वर्मा, हरिओम त्रिपाठी, युवा जिला अध्यक्ष मोहन सिंह, एनएसयूआई अध्यक्ष हसन अहमद, शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अभय कुशवाहा, दान बहादुर सिंह उर्फ दीपू, शहर महासचिव इस्लाम गाजी, मुकेश वर्मा, अनूप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष हरियावां शरीफ अहमद, ब्लॉक अध्यक्ष संडीला नसीम वारसी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। रिपोर्ट चन्दन यादव 151137475
