वाराणसी । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन एवं प्रमुख कार्मिक अधिकारी लाल जी चौधरी के मार्गदर्शन में बरेका कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान हेतु कर्मचारी शिकायत निवारण कैंप का आयोजन किया गया। कार्मिक विभाग द्वारा आयोजित यह कैंप लोको डिवीजन के मीटिंग रूम में वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी/कर्मशाला एम. ए. अंसारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी/कर्मशाला पियूष मिंज के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कैंप का आयोजन प्रातः एवं अपराह्न सत्रों में किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी सेवा संबंधी समस्याओं को प्रस्तुत किया। कर्मचारी शिकायत निवारण कैंप में पदोन्नति, वेतन, अवकाश, पास एवं अन्य प्रशासनिक विषयों से संबंधित शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु कार्मिक अनुभाग, लेखा अनुभाग एवं वेतन अनुभाग के पर्यवेक्षक एवं डीलिंग स्टाफ भी उपस्थित रहे, जिससे कर्मचारियों को एक ही स्थान पर समन्वित समाधान उपलब्ध कराया जा सका। कैंप के दौरान कुल 68 कर्मचारियों की समस्याओं एवं शिकायतों को दर्ज किया गया, जिनमें से 17 मामलों का मौके पर ही समाधान कर कर्मचारियों को त्वरित राहत प्रदान की गई। शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। इस अवसर पर कार्मिक विभाग के सभी कल्याण निरीक्षक, कर्मचारीगण तथा कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप यादव एवं परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार के अनुसार, बरेका प्रशासन द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के शिकायत निवारण कैंप आयोजित किए जाते हैं, जिससे कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु एक सुलभ, संवेदनशील एवं प्रभावी मंच प्राप्त हो सके। इस प्रकार की पहलें न केवल कर्मचारियों के विश्वास को सुदृढ़ करती हैं, बल्कि कार्यस्थल पर सकारात्मक संवाद, बेहतर समन्वय एवं संतोषजनक कार्य वातावरण को भी प्रोत्साहित करती हैं ।। रविन्द्र गुप्ता 151009219
