गोरखपुर। अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग की सफल मेजबानी के बाद अब रामगढ़ताल 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। 17 से 21 मई तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में मेजबान उत्तर प्रदेश समेत देश के 20 राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में कुल 273 खिलाड़ी और पदाधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं।
रविवार को रामगढ़ताल के वाटर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में ज्यादातर राज्यों की टीमें पहुंच चुकी हैं। आरएफआई (रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया) के अध्यक्ष बालाजी मरपाड़ा एवं चेयरमैन नवाबुद्दीन ने तैयारियों का जायजा लिया और ‘कोर्स ओपनिंग’ की शुरुआत कराई। उनकी मौजूदगी में विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने रामगढ़ताल में अभ्यास कर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
आरएफआई के महासचिव शुभाशीष मुखर्जी ने बताया कि चीफ ज्यूरी की अगुवाई में 2000 मीटर लंबी कोर्स लेन और जेट्टी तैयार की गई है। प्रतियोगिता के लिए चार लेन बनाई गई हैं, जिनकी चौड़ाई 12.5 मीटर है।
उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन की अध्यक्ष रानी पक्षालिका सिंह ने बताया कि जूनियर बालक और बालिका वर्ग में पांच-पांच स्पर्धाएं आयोजित होंगी। खिलाड़ी सिंगल स्कल, डबल स्कल, कॉक्सलेस पेयर्स, कॉक्सलेस फोर्स और क्वाड्रुपल स्कल स्पर्धाओं में प्रतिभा दिखाएंगे। एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा ने बताया कि सोमवार को उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। 19 को हीट्स मुकाबले, 20 मई को सेमीफाइनल, रेपचेज और रिजर्व रेस व 21 मई को फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
रिपोर्ट - फूलमती मौर्य 151188511
