थाना क्षेत्र के मदरिया घाट पर शनिवार शाम सरयू नदी में स्नान करने गए दो युवकों में से एक की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे गांव के दो युवक मदरिया घाट पर सरयू में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक वीर पासवान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा युवक प्रद्युम्न पासवान (20) तेज बहाव में फंसकर डूब गया।
सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी सुनील राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद मुक्तिपथ के प्रशिक्षित गोताखोरों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की तलाश के बाद युवक का शव नदी के उस पार रौनापार क्षेत्र की ओर से बरामद किया गया। शव बाहर निकलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रद्युम्न पासवान परिवार का सबसे बड़ा पुत्र था। माता-पिता के निधन के बाद वह अपने चार भाइयों और एक बहन की जिम्मेदारी संभाल रहा था और ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे घाटों पर सुरक्षा-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। रिपोर्ट - फूलमती मौर्य 151188511
