26 मई को 21000 दीपों से जगमग होगा पूरा मंदिर परिसर, होगी भव्य मां सई गंगा महाआरती
यूपी प्रतापगढ़। आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बन चुका मां बेल्हा देवी धाम का श्री गंगा दशहरा महोत्सव इस वर्ष और भी भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। आगामी 26 मई को आयोजित होने वाले 21वें श्री गंगा दशहरा महोत्सव को लेकर रविवार को मां बेल्हा देवी धाम परिसर में महत्वपूर्ण तैयारी बैठक संपन्न हुई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक की अध्यक्षता मां बेल्हा देवी धाम के प्रबंधक एवं समिति अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह “मुन्ना भैया” ने की। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि जनपद की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। इस आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय से और व्यवस्थित ढंग से पूर्ण की जाएं।बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 मई को पूरे मंदिर परिसर, घाटों और आसपास के क्षेत्रों को फूल-मालाओं तथा आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया जाएगा। शाम होते ही मां सई गंगा के घाटों एवं मंदिर परिसर में 21000 दीप प्रज्ज्वलित कर अद्भुत दीपोत्सव का दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। दीपों की रोशनी से पूरा धाम अलौकिक आभा से जगमगा उठेगा। महोत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में मां सई गंगा की भव्य महाआरती आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही मां गंगा के अवतरण पर आधारित आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी तथा भजन संध्या का आयोजन देर रात तक चलता रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण और अन्य सुविधाओं की भी व्यापक व्यवस्था की जाएगी। समिति के संयोजक एवं समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य ने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि इस बार महोत्सव को और अधिक भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की। देखें प्रतापगढ़ से विशाल रावत की ख़ास रिपोर्ट



20260517154037811143686.mp4