गुलरिहा इलाके में निर्माणाधीन मकान से पानी के छींटे पड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। इसी दौरान उसी मार्ग से गुजर रहे आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' के काफिले को बीच रास्ते में रोकना पड़ा।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को खदेड़ दिया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी भी पथराव की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भटहट निवासी बरकतुल्लाह, अब्दुल जब्बार, सद्दाब उर्फ छोटू, सगीर अहमद तथा चिलबिलवा निवासी असजद, फरद्दीन, साहिल और मेहंदी हसन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बड़हरिया निवासी बरकतुल्लाह का मकान निर्माणाधीन है। शुक्रवार को गांव के ही जब्बार अली वहां से गुजर रहे थे, तभी उन पर पानी के छींटे पड़ गए, जिससे कहासुनी शुरू हो गई। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था।
आरोप है कि इसके बाद बरकतुल्लाह ने अपने रिश्तेदारों को बुला लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में फिर विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। इसी दौरान आयुष मंत्री का काफिला वहां से गुजर रहा था। स्थिति को देखते हुए एस्कॉर्ट में तैनात चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्रा ने वाहन रुकवाकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर किया।
इसके बाद मंत्री का काफिला आगे रवाना किया गया। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर फूलमती मौर्य 151188511
