फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रतापगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली नगर सुभाष कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 को पूर्वी सहोदरपुर निवासी एक व्यक्ति ने थाना कोतवाली नगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षीगण ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए उसके पिता के साथ भी मारपीट की गई। हमले में पीड़ित के सिर में गंभीर चोटें आईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 287/26 धारा 191(2), 115(2), 352, 351(2), 110 एवं 109(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना के बाद पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना कोतवाली नगर पुलिस ने जेल के पीछे रेलवे कॉलोनी पूर्वी सहोदरपुर क्षेत्र में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मो0 दिलशाद पुत्र स्वर्गीय मो0 आरिफ तथा मो0 अतीक उर्फ मो0 आतिफ पुत्र स्वर्गीय मो0 आरिफ निवासी रेलवे कॉलोनी पूर्वी सहोदरपुर शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में प्रयुक्त डंडे को जेल के पीछे स्थित खंडहर में छिपाने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक अदद बांस का डंडा बरामद कर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बरामद डंडे को आलाकत्ल के रूप में सीज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मो0 अतीक उर्फ मो0 आतिफ का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2015 में मारपीट, धमकी एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित मुकदमा दर्ज हो चुका है।इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रशान्त दूबे, हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह, कांस्टेबल मलखान एवं कांस्टेबल अनिकेत दिनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतापगढ़ पुलिस ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
