फास्ट न्यूज़ इंडिया
उज्जैन/बड़नगर, मध्य प्रदेश। जिला पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा द्वारा जिले में चोरी, लूट एवं डकैती के आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पिछले 6 वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी फारुख पिता एहमद हुसैन (42) निवासी रसलपुर थाना औद्योगिक क्षेत्र जिला देवास को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक रंजन एवं एसडीओपी बड़नगर महेन्द्र सिंह परमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार पाटीदार एवं उनकी टीम द्वारा की गई।
घटना का विवरण
प्रकरण दिनांक 24 दिसंबर 2020 का है, जब फरियादी स्वप्नील पिता संजय पटोदी निवासी बड़नगर ने थाना बड़नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी “नवधा एग्रो टेक” नामक थ्रेशर एवं ट्रॉली निर्माण फैक्ट्री में रात्रि के समय चोरी एवं डकैती की वारदात हुई।
फैक्ट्री के चौकीदार मनोज व्यास ने बताया था कि रात करीब 12:30 बजे दो व्यक्ति पानी पीने के बहाने फैक्ट्री में आए और उनके पीछे सात अन्य बदमाश भी अंदर घुस आए। आरोपियों में एक के पास देसी कट्टा और अन्य के पास तलवारें थीं। बदमाशों ने चौकीदारों को बंधक बनाकर फैक्ट्री के गोदाम का ताला तोड़ा और वहां से 50 कट्टे नट-बोल्ट, 50 थ्रेशर पुली, पाइप कटर मशीन, 40 कट्टे सोयाबीन, गैस टंकी, डीपी ऑयल तथा सीसीटीवी कैमरे एवं डीवीआर चोरी कर ले गए थे।
मामले में थाना बड़नगर पर अपराध क्रमांक 688/2020 धारा 458, 380 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 395 एवं 411 भादवि की बढ़ोतरी की गई। मामले में पूर्व में 6 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
6 साल से था फरार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अशोक पाटीदार द्वारा विशेष पुलिस टीम गठित कर देवास जिले में आरोपियों की तलाश के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने 12 मई 2026 को दबिश देकर 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी फारुख को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी फारुख वर्ष 2011 से चोरी, लूट और डकैती जैसी वारदातों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ देवास एवं रतलाम जिलों के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना बड़नगर पुलिस टीम के निरीक्षक अशोक कुमार पाटीदार, उपनिरीक्षक चांदनी पाटीदार, उपनिरीक्षक सोभाग सिंह, प्रधान आरक्षक राहुल सिंह राठौर, हेमराज खरे, अश्विनी पाठक, नारायण सरा एवं सैनिक ओंकारलाल की सराहनीय भूमिका रही।
फास्ट न्यूज़ इंडिया से डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज चैनल राकेश सेन की रिपोर्ट