फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
यूपी, गोरखपुर, कुसम्ही बाजार l
अदनान अहमद समेत कई मेधावियों ने बढ़ाया विद्यालय और क्षेत्र का मान
सीबीएसई बोर्ड द्वारा बुधवार को घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में वर्टेक्स ग्लोबल स्कूल, सरदारनगर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, अभिभावकों और पूरे चौरीचौरा क्षेत्र का नाम रोशन किया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी कक्षा 10 एवं 12 में वर्टेक्स ग्लोबल स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट सफलता हासिल की।
इंटरमीडिएट परीक्षा में विद्यालय के मेधावी छात्र आर्यन गुप्ता ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चौरीचौरा टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं शान्वी भारद्वाज ने 90.6 प्रतिशत, स्वस्तिका शुक्ला ने 90.4 प्रतिशत, अमृता यादव ने 90 प्रतिशत, रिद्धिमा गुप्ता ने 88.6 प्रतिशत, आरुषि सिंह ने 88.4 प्रतिशत, सूरज कुमार ने 88 प्रतिशत, दिव्यांशी ने 86 प्रतिशत, कृष्णा गुप्ता ने 85.8 प्रतिशत तथा युगल किशोर ने 85.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
इसी क्रम में डुमरी खास निवासी एवं पत्रकार दिलशाद आलम के पुत्र अदनान अहमद ने भी कॉमर्स वर्ग से 81.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया। अदनान ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा माता-पिता के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि आगे वह किसी प्रतिष्ठित कॉलेज से एमबीए करना चाहते हैं, जिसके लिए उन्होंने सीयूईटी परीक्षा भी दी है। उन्हें विश्वास है कि उनकी मेहनत का बेहतर परिणाम मिलेगा।
विद्यालय के चेयरमैन अरविंद त्रिपाठी, निदेशक तूलिका त्रिपाठी एवं शैलेन्द्र त्रिपाठी ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों का समर्पण और अभिभावकों का सतत सहयोग रहा है।
विद्यालय के प्रिंसिपल आर. के. मिश्रा ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शिक्षक पी.एस. पटेल, प्रवीण चौरसिया, आशुतोष दुबे, सोम शर्मा सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। रिपोर्ट - जसवीर मोदनवाल 151167985




