वृन्दावन। मथुरा रोड़ स्थित बीएचआरसी - डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई केयर इंस्टीट्यूट द्वारा "रेटिनोब्लास्टोमा जागरूकता अभियान" के अंतर्गत अस्पताल परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।जिसका उद्देश्य मरीजों एवं उनके परिजनों को रेटिनोब्लास्टोमा (आंख के कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते पहचान, सावधानी एवं उचित उपचार के बारे में जानकारी प्रदान करना रहा।
नेत्र विशेषज्ञ डॉ. मान्या ने मरीजों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की आंखों की नियमित जांच कराने से बीमारी की प्रारंभिक अवस्था में पहचान संभव हो सकती है। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार मिलने से न केवल बच्चे की दृष्टि सुरक्षित रखी जा सकती है बल्कि उसका जीवन भी बचाया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की आंखों में किसी भी प्रकार की असामान्यता दिखाई देने पर तुरंत अस्पताल में जांच कराने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल टीम द्वारा मरीजों एवं उनके परिजनों को जागरूकता संबंधी सामग्री वितरित की गई तथा बीमारी से बचाव, लक्षण एवं उपलब्ध उपचार सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित लोगों के प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें नियमित नेत्र जांच के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि रेटिनोब्लास्टोमा मुख्य रूप से छोटे बच्चों में होने वाला आंख का कैंसर है।जिसकी समय पर पहचान एवं उपचार अत्यंत आवश्यक है। यदि बच्चों की आंखों में सफेद चमक दिखाई दे, आंखें तिरछी हो जाएं, लगातार लालिमा बनी रहे अथवा आंखों से लगातार पानी आए तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।
अस्पताल के वरिष्ठ प्रशासक सी.पी. मैसी ने कहा कि समाज में जागरूकता फैलाना अत्यंत आवश्यक है।जिससे लोग गंभीर नेत्र रोगों के प्रति सजग हो सकें। उन्होंने बताया कि अस्पताल भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा। ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुंचाई जा सके।
इस मौके पर डॉ. अनीज़ा, डॉ. प्रवीण, अनिमेष दास, गौरव कुमार, मुकेश कुमार, मनोज चौधरी, राजबाबू, लखन लाल, रामपाल सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारी एवं मरीज उपस्थित रहे।
रिपोर्ट नंदकिशोर शर्मा 151170853
