फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। रिश्तों में आई दरार को संवाद और समझदारी के जरिए भरने का सराहनीय कार्य महिला सहायता प्रकोष्ठ प्रतापगढ़ द्वारा लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में आपसी विवाद और मनमुटाव के चलते अलग रह रहे दो दंपतियों के बीच सुलह कराकर महिला सहायता प्रकोष्ठ ने दो परिवारों को टूटने से बचा लिया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में महिला सुरक्षा, सम्मान और परिवारिक सहयोग की दिशा में कार्यरत महिला सहायता प्रकोष्ठ ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पति-पत्नी और उनके परिजनों को बुलाकर काउंसलिंग की। प्रभारी महिला सहायता प्रकोष्ठ एवं सीओ नमिता सिंह ने धैर्यपूर्वक दोनों पक्षों की बातें सुनीं और आपसी गलतफहमियों को दूर करने का प्रयास किया। समझाइश और सकारात्मक संवाद के बाद दंपतियों ने पुराने विवाद भुलाकर फिर से साथ रहने का निर्णय लिया। काउंसलिंग के दौरान दोनों परिवारों ने एक-दूसरे के प्रति विश्वास बनाए रखने और भविष्य में आपसी तालमेल से जीवन व्यतीत करने का संकल्प लिया। लंबे समय से बिखरे रिश्तों में जब दोबारा अपनापन लौटा तो परिजनों की आंखें भी नम हो गईं। महिला सहायता प्रकोष्ठ की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। पुलिस विभाग का कहना है कि परिवारों को जोड़ने और घरेलू विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराने के लिए ऐसे प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
