माधोटांडा में प्रेम प्रसंग बना बवाल, जान देने की धमकी से गांव में मचा हड़कंप
पीलीभीत के थाना माधोटांडा क्षेत्र के बांसखेड़ा गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गई और जान देने की धमकी देने लगी। बताया जा रहा है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। प्रेमी द्वारा शादी से इंकार किए जाने के बाद आहत किशोरी ने यह कदम उठाया, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर माधोटांडा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और काफी देर तक किशोरी को समझाने का प्रयास करती रही। घंटों चली मशक्कत और समझाइश के बाद पुलिस टीम किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किशोरी का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। शादी से मना किए जाने के बाद वह मानसिक तनाव में थी। इसी तनाव में उसने पानी की टंकी पर चढ़कर आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी दी।
थाना अध्यक्ष अशोक पाल ने बताया कि किशोरी की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे फिलहाल परिजनों के सुपुर्द नहीं किया गया है। उसे थाने लाकर विशेषज्ञ टीम द्वारा काउंसलिंग कराई जा रही है, ताकि भविष्य में वह कोई गलत कदम न उठाए। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा मानकों और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही किशोरी को घर भेजा जाएगा। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
