वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 08 फील्ड कर्मचारियों को उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा द्वारा प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान कार्यक्रम दिनांक 11 मई 2025 को आयोजित किया गया।
उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने प्राधिकरण के पांचों जोनों में कार्यरत फील्ड स्टाफ के कार्यों की समीक्षा करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक नवीन मानचित्र आवेदन जमा कराए जाएं तथा आमजन, विशेषकर गरीब एवं कमजोर वर्ग के लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
सम्मानित कर्मचारियों को यह प्रशस्तिपत्र प्रवर्तन कार्यों, अवैध निर्माणों पर प्रभावी कार्रवाई, क्षेत्रीय निरीक्षण तथा प्राधिकरण की योजनाओं एवं कार्यों के सफल क्रियान्वयन में सराहनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
उपाध्यक्ष ने कहा कि प्राधिकरण की योजनाओं और व्यवस्थाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने में फील्ड स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कर्मचारियों की सक्रियता, तत्परता एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली से न केवल प्राधिकरण की कार्यक्षमता बढ़ती है, बल्कि आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है।
इस अवसर पर प्राधिकरण के सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा तथा अपर सचिव गुडाकेश शर्मा भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सम्मानित कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
