पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहे थे अपराधी, जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में लगी गोली; अवैध असलहा, नगदी और कई एटीएम कार्ड बरामद
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद के थाना दिलीपपुर क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो अपराधियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों बदमाश हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने जैसी संगीन वारदातों में शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पहचान पत्र, नगदी और बिना नंबर प्लेट की ब्रेजा कार बरामद की है। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर द्वारा अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के निर्देशन में थाना दिलीपपुर पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागे बदमाश
सोमवार को थाना दिलीपपुर पुलिस रसोइया मोड़ पर संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की ग्रे रंग की ब्रेजा कार वहां पहुंची। पुलिस टीम ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास करते हुए तेज रफ्तार में कार भगा दी। अचानक हुई इस घटना के बाद पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू कर दिया। भागते हुए बदमाश शहीद स्मारक गेट से जंगल की ओर पहुंच गए। तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर एक पुलिया से टकरा गई और सड़क किनारे गड्ढे में फंस गई।
पुलिस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग
वाहन रुकते ही दोनों बदमाश कार से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। बदमाशों द्वारा की गई अचानक गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल प्रतापगढ़ भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद आफताब पुत्र स्वर्गीय इकलाख निवासी बासुपुर थाना लीलापुर तथा नौशाद अली पुत्र निजामुद्दीन निवासी ग्राम तिलौरी थाना लीलापुर जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को झांसा देकर उनके एटीएम कार्ड बदल लेते थे और बाद में खातों से धनराशि निकालकर आपस में बांट लेते थे। गिरोह उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में भी सक्रिय था। पुलिस अब इस गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 02 अवैध तमंचा 315 बोर, 02 जिंदा कारतूस, 04 खोखा कारतूस, 01 मिस कारतूस, विभिन्न बैंकों के 06 एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, निर्वाचन पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन आरसी तथा कुल ₹18,158 नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की ब्रेजा कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
अपराध का लंबा इतिहास
मुख्य अभियुक्त मोहम्मद आफताब के विरुद्ध थाना लालगंज में हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट और धमकी समेत कई संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं नौशाद अली के विरुद्ध भी जनपद जौनपुर में गंभीर धाराओं में मामला दर्ज बताया गया है।
पुलिस टीम की सराहना
इस सफल मुठभेड़ में थाना दिलीपपुर के थानाध्यक्ष बलराम सिंह, उप निरीक्षक देवेन्द्र कुमार पाठक, उप निरीक्षक सुजीत कुमार यादव, महिला उप निरीक्षक सारिका सहित थाना पुलिस और स्पेशल टीम के पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
