फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी शाहजहांपुर/पुवायां। क्षेत्र के एक गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने गांव के ही उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रधानाध्यापिका का आरोप है कि आरोपी बीते दो वर्षों से फोन कॉल और व्हाट्सएप संदेशों के जरिए उन्हें परेशान कर रहा था। विरोध करने पर वह रास्ते में रोककर अभद्रता करता था और कई बार गला दबाने का प्रयास भी कर चुका है। आरोप है कि आरोपी ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और बात न मानने पर बच्चों को उठवा लेने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2008 में उनके पति का निधन हो चुका है। लोकलाज के कारण वह अब तक चुप रहीं, लेकिन लगातार बढ़ती प्रताड़ना के चलते शिकायत दर्ज कराने को मजबूर हुईं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वह अकेली रहती हैं, जबकि उनके बच्चे बाहर रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। आरोप है कि इंचार्ज प्रधानाध्यापक उन पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था, जिससे उन्हें और उनके बच्चों की सुरक्षा को खतरा है।थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट वीरेश कुमार 151166236
