फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। सेंट एंथोनी इंटर कॉलेज के प्रांगण में शनिवार को मदर्स डे के उपलक्ष्य में भव्य एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया, वहीं मातृशक्ति के सम्मान में आयोजित इस समारोह ने पूरे वातावरण को भावुक और उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय पहुंचे बच्चों की माताओं एवं अभिभावकों के स्वागत से हुई। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर प्रेम प्रकाश लकड़ा, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं ने बैंड-बाजे के साथ तिलक लगाकर सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया। इसके बाद प्रधानाचार्य फादर प्रेम प्रकाश लकड़ा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मदर्स डे कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को अभिव्यक्त किया। बच्चों की मासूम प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों को भावुक कर दिया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सांस्कृतिक कार्यक्रम के उपरांत विद्यालय प्रशासन की ओर से सभी माताओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य फादर प्रेम प्रकाश लकड़ा ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य फादर प्रेम प्रकाश लकड़ा ने कहा कि मां प्रेम, ममता, त्याग और आशीर्वाद की साक्षात प्रतिमूर्ति होती है। मां ही जीवन में सही दिशा दिखाने वाली पहली गुरु होती है, जिसका निस्वार्थ प्रेम और आशीर्वाद व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा एवं मानसिक शांति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि मां का सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का पहला कर्तव्य होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की माताओं, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में मातृत्व सम्मान और पारिवारिक संस्कारों की सुंदर झलक देखने को मिली। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
