पीड़ित ने कमिश्नर और जिलाधिकारी से की शिकायत
गाजियाबाद। राकेश नगर स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी के रहने वाले एक व्यक्ति को रोज सुबह योगा करने के लिए जगह मांगना भारी पड़ गया। योगा के लिए जगह मांग रहे व्यक्ति ने आरडब्लूए के दो पदाधिकारियों पर फ़र्जी मुकदमा दर्ज कराने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पहले डायल 112 पर की और उसके बाद चौकी नसीरपुर, थाना सिहानी गेट, कमिश्नर और जिलाधिकारी कार्यालय में भी लिखित शिकायत दर्ज कर कार्यवाही की गुहार लगाई है।
जानकारी के मुताबिक सोसायटी के टावर एसपी-2 के फ्लैट नम्बर 201 में रहने वाले गौरव बंसल ने शिकायती पत्र में बताया है कि बीती 6 मई को उन्होंने आरडब्लूए के सचिव और कोषाध्यक्ष से योगा करने के लिए कम्युनिटी हॉल में निशुल्क जगह मांगी। आरोप है कि इतना सुनते ही सचिव ए.के. दोहरे भड़क उठे और पीड़ित पर कुछ दिन पहले लिफ्ट में चोटिल हुए व्यक्ति का साथ देने का आरोप लगाते हुए धमकाया। आरोप है कि सचिव ने पीड़ित को पूर्व में एक सब्जी विक्रेता द्वारा लगवाए गए एसीएसटी के मुकदमे की तरह ही फर्जी मुकदमा लिखवाने की धमकी दी। वहीं कोषाध्यक्ष पर आरोप है कि उन्होंने भी पीड़ित को बालकनी में गमले लगाने की शिकायत करने पर धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। दोनों पदाधिकारियों ने योगा के लिए निशुल्क कम्युनिटी हॉल देने से इंकार कर दिया।
गौरव ने बताया कि उन्होंने योगा के लिए कम्युनिटी हॉल देने के लिए पहले ही एक पत्र RWA ऑफिस में देकर मांग की थी। आज सुबह जब गौरव ने कम्युनिटी हॉल में जाकर देखा तो वहां कुछ लोग योगा कर रहे थे। जिसके बारे में गेट सुपरवाइजर ने भी कोषाध्यक्ष द्वारा गेट खुलवाने की बात कही। जिसके बाद गौरव ने डायल 112 पर सूचना दी।
बता दें कि इससे पूर्व में भी सचिव पर एक व्यक्ति को धमकी देने का आरोप है। और कोषाध्यक्ष पर भी एक रंगदारी मारपीट, एससीएसटी का मुकदमा दर्ज है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही और योगा के लिए कम्युनिटी हॉल निशुल्क उपलब्ध कराने की मांग की है।
रिपोर्ट नंदकिशोर शर्मा 151170853
